चंपावत। पाटी ब्लॉक के ग्राम पंचायत खरहीं के राजकोट, दुर्गानगर क्षेत्र के ग्रामीण तीन सप्ताह से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सिंगल फेज लाइन होने से वोल्टेज की दिक्कत बढ़ रही है। लोगों को रात के वक्त डिबरी जलाने को भी मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लो-वोल्टेज से निजात दिलाने को लेकर कई बार ऊर्जा निगम से गुहार की जा रही है, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस समस्या से 500 से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण शंकर दत्त शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, गोपाल शर्मा, ललित शर्मा, प्रकाश शर्मा, लीलाधर जोशी, शिवराज सिंह, पनीराम, नवीन राम, छत्तर राम आदि ने जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ऊर्जा निगम के अपर सहायक अभियंता बसंत बल्लभ गहतोड़ी ने बताया कि लो-वोल्टेज की दिक्कत को जल्द दूर किया जाएगा।