लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट के तड़ाग गांव में तेंदुआ और भालू दिखने से ग्रामीण दहशत में हैं। लगातार तेंदुए के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने से ग्रामीण डरे हुए हैं।
वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा न लगाए जाने पर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने जल्द पिंजरा लगाकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि गांव के आसपास सुबह-शाम तेंदुआ दिखाई दे रहा है। तेंदुआ कई मवेशियों को मौत के घाट उतार चुका है। तेंदुए के खौफ से शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बच्चे और महिलाएं घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। दुकानदार भी समय से पहले दुकानें बंद कर घर लौटने को मजबूर हैं। अभिभावकों सुरक्षा को देखते हुए बच्चों को झुंड में स्कूल पहुंचा रहे हैं। इधर काली कुमाऊं वन क्षेत्र के रेंजर राजेश कुमार जोशी ने बताया कि विभाग की टीम ने तड़ाग गांव में मौका मुआयना कर लिया है और बुधवार को तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। रेंजर ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। संवाद