ग्रामीणों के कई बार आवाज उठाने के बावजूद सात सेनानियों के गांव धुरा के जूनियर हाईस्कूल में विज्ञान विषय के शिक्षक की तैनाती नहीं हो सकी है। ग्रामीण इस मांग को लेकर वर्तमान शिक्षा सत्र में पांच बार शिक्षा अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी के दरवाजे पर दस्तक दे चुके हैं। शुक्रवार को एक बार फिर उन्होंने 60 किलोमीटर सफर तय कर डीईओ बेसिक को ज्ञापन दिया और सांकेतिक प्रदर्शन किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जसवंत राना, सामाजिक कार्यकर्ता स्वरूप राम, केशव सिंह, नारायण सिंह, कैलाश सिंह, घनश्याम जोशी आदि ने जिला मुख्यालय पहुंच स्कूल की दुर्दशा से रुबरु कराया। ग्रामीणों ने कहा कि यहां के 61 छात्रों का भविष्य सिर्फ दो शिक्षकों के हवाले हैं। जबकि विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय को पढ़ाने के लिए कोई अध्यापक नहीं है। वहीं यहां के एक शिक्षक को सर्व शिक्षा अभियान में वर्षो से चंपावत संबद्ध किया गया है।
इस वजह से यहां के छात्रों के भविष्य पर प्रश्न चिन्ह लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि इस वक्त सुगम में तैनात एक शिक्षक दूरस्थ धुरा के स्कूल में आने के इच्छुक हैं, मगर विभाग उन्हें धुरा में तैनाती नहीं दे रहा है। उधर शिक्षा विभाग का कहना है कि धुरा में अध्यापक की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही शिक्षक की तैनाती कर दी जाएगी।