टनकपुर (चंपावत)। ग्राम सभा ज्ञानखेड़ा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर बिजली लाइन और पानी की समस्या के निदान की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान नरीराम, हरिओम सेठी, दीपक पचौली, नरेंद्र धामी समेत कई ग्रामीणों ने दो अलग-अलग ज्ञापन सीएम कैंप कार्यालय को सौंपे। पहले ज्ञापन में कहा है कि हर घर जल योजना का ग्राम सभा में कार्य चल रहा है, आरोप लगाया कि उक्त कार्य को एनएच 125 के एक अभियंता ने रुकवा दिया है। इससे ग्राम सभा की आधी आबादी को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने तत्काल इस पर कार्रवाई की मांग उठाई है। अन्य ज्ञापन में कहा है कि गांव की बिजली लाइन करीब 30 वर्ष पुरानी है, जो खेत और घरों के ऊपर से गुजर रही है। कई बार किसान और बैलों को करंट लग चुका है। कई निर्माण कार्य इससे रुक गए हैं। विभाग को कई बार अवगत कराया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने विधायक निधि से धन स्वीकृत कर लाइन को किनारे शिफ्ट कराने की मांग की है। संवाद