चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश क्षेत्र के मंच उप तहसील को पहली बार नायब तहसीलदार मिले हैं। पिछले साल जून में पर्यटन विभाग के भवन में खुली इस उप तहसील में राजव कानूनगो से पदोन्नत हुए शंकर सिंह बंग्याल को ये जिम्मेदारी दी गई है। उप तहसील के काम करने से खतौनी की नकल, स्थायी निवास, जाति, आय, ईडब्लूएस प्रमाणपत्र के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज बनाने के लिए तल्लादेश के लोगों 32 किमी चंपावत की दौड़ नहीं लगानी होगी। तल्लादेश की छह पटवारी क्षेत्रों के 18 ग्राम पंचायतों के 9915 के लोगों को धन और समय के अलावा परेशानी से भी निजात मिलेगी। दिसंबर 2016 में सृजित मंच उप तहसील एनटी के नहीं होने से अब तक बंद थी।
डीएम नवनीत पांडे ने बताया कि मंच के अलावा चंपावत जिले की तीन अन्य तहसीलों को नायब तहसीलदार मिल गए हैं। अल्मोड़ा के कानूनगो जगदीश गिरि को टनकपुर, चंपावत के हरीश नाथ को बाराकोट और ईश्वर सिंह भीमा पाटी तहसील के एनटी बनाए गए हैं।