प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड नहीं बनने पर लोगों ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से ही गोल्डन कार्ड बनाने आ गए थे लेकिन दिन भर कोई कार्ड नहीं बनाया गया। उधर, कार्ड बनाने वाली टीम के जिला समन्वय ने बताया कि मंगलवार सुबह से बीएसएनएल की कनेक्टिविटी न होने के कारण गोल्डन हेल्थ कार्ड बनाने में दिक्कतें हो रही थी।
मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विकास खंड लोहाघाट के फोर्ती गांव से 40 से अधिक लोग गोल्डन हेल्थ कार्ड बनाने के लिए आए थे। दिन में करीब 12 बजे तक इंतजार करने के बाद जब कार्ड नहीं बने तो वह ग्रामीणों आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि एक ओर जहां सरकार द्वारा अच्छी पहल की गई है, वहीं कार्ड बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि वह अपना कामकाज छोड़कर सुबह से कार्ड बनाने के लिए लोहाघाट आए हैं, लेकिन उनके हेल्थ कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शन कर जल्द कार्ड बनाने की मांग की। इधर, कार्ड बनाने वाली टीम के जिला समन्वय जीवन बगौली ने बताया कि मंगलवार सुबह से बीएसएनएल की कनेक्टिविटी न होने के कारण गोल्डन हेल्थ कार्ड बनाने में दिक्कतें हो रही थी। अन्य नेटवर्क से हेल्थ कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में महेश्वरी देवी, रेखा देवी, मीना देवी, देव राम, सूरज कुमार, नितिन कुमार, मुकेश कुमार, सागर कुमार, हर्षित, रोहन, विजय, प्रीति, नीलम, मोनिका, पूरन राम आदि शामिल थे।
उधर, बीएसएनएल के जीटीओ विजय बहादुर का कहना है कि क्षेत्र में बीएसएनएल की कनेक्टिविटी ठीक है। सीएचसी लोहाघाट के कनेक्शन में कोई दिक्कत हो सकती है, इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कनेक्शन चेक कर उसमें आई खामी को जल्द दूर किया जाएगा।