टनकपुर (चंपावत)। सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह ग्राम पंचायत से दिए जाने का आदेश वापस लेने समेत 12 सूत्री मांगों के लिए ग्राम प्रधान संगठन ने आंदोलन की राह पकड़ ली है। सोमवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने तहसील प्रांगण में धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आदेश वापस न लेने तक धरना-प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान शुरू से ही ग्राम पंचायत से हर माह ढाई हजार रुपये सीएससी को दिलाने का विरोध कर रहे हैं। सरकार की ओर से 12 सूत्री मांगों को स्वीकार न किए जाने से नाराज ग्राम प्रधानों ने आंदोलन की राह पकड़ी है। संगठन के अध्यक्ष रवि कुमार का कहना है कि सरकार एक तरफ ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने की बात कह रही है, वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायतों की उपेक्षा हो रही है। सरकार की इस दोहरी नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष रवि कुमार, उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, कोषाध्यक्ष भावना नेगी, दीपा बोहरा, गंगा विश्वकर्मा, पूजा महर, राधिका चंद, रमिला आर्या आदि थे।
12 सूत्री मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों का प्रदर्शन
मूनाकोट (पिथौरागढ़)। 12 सूत्री मांगों को लेकर ग्राम प्रधान संगठन का धरना-प्रदर्शन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधानों ने ग्राम पंचायत विभाग को एकीकरण करने, ग्राम पंचायतों को पांच लाख की निधि हर वर्ष देने, ग्राम पंचायत की खुली बैठकों में प्रस्तावों को अनिवार्य अनुमति देने, प्रधानमंत्री आवास योजना में राशि बढ़ाने की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह सौन, सौड़लेख के प्रधान फकीर राम, बीसाबजेड़ सरोज चंद, घुनसेरा की अनीता भट्ट, उर्ग की गीता जोशी, मड़मानले की उषा जोशी आदि रहे। (संवाद)