स्कूलों के कोटिकरण के लिए विकासखंड स्तर पर हुई बैठक में निर्धारित विद्यालयों की सूची, शिक्षक संघ द्वारा कोटिकरण के लिए स्कूलों को दी गई श्रेणी की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि इसका तृतीय पक्ष के साथ गूगल मैप से सत्यापन कर कोटिकरण की सूची शासन को भेजी जाएगी। स्कूलों के कोटिकरण निर्धारण के लिए डीएम डॉ.अहमद इकबाल की अध्यक्षता में रविवार को हुई बैठक में कोटिकरण में शंका वाले स्कूलों के अंतिम निर्धारण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में राजस्व, सड़क, बिजली, पेयजल विभागों के अधिकारियों व विकासखंडों के अधिकारियों की मौजूदगी में पांच दिन के भीतर बैठक करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि कोटिकरण करते समय सड़क, पानी, बिजली, अस्पताल, बैंक, शिक्षक आवास व अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी संज्ञान लें। नगर पालिका व नगर पंचायतों के भीतर विद्यालयों के कोटिकरण का निर्धारण इनके गजट नोटिफिकेशन जारी होने की तिथि के बाद से करें। तहसील स्तर पर कोटिकरण होने के बाद श्रेणी में बदलाव पर स्कूलों व वहां की आधारभूत सुविधाओं की जानकारी बैठक से पूर्व वाट्सऐप से प्राप्त करने को कहा। बैठक में घाटी वाले दुर्गम स्कूलों के मानक के अनुसार सुगम में आने पर पर्वतीय क्षेत्र के घाटी वाले क्षेत्रों, सड़कों के निर्धारण के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
सड़कों की स्थिति की सूची एसडीएम व शिक्षा अधिकारियों को देने के लिए एआरटीओ को निर्देशित किया गया। बैठक में पीडी एचजी भट्ट, डीडीओ आरसी तिवारी, एआरटीओ रश्मि भट्ट, सीईओ आरसी पुरोहित, डीईओ डीएस राजपूत व सत्य नारायण, बीईओ अंशुल बिष्ट, हरेंद्र साह, महावीर सिंह व उदय प्रताप मिश्रा के अलावा शिक्षक संघ पदाधिकारी मौजूद थे।