टनकपुर-चंपावत राजमार्ग बंद होने से ककरालीगेट में रोके गए वाहन। संवाद
टनकपुर/बनबसा। शनिवार की रात से लगातार हो रही बारिश से रविवार को दिनभर जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा। बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हुई है। टनकपुर-चंपावत राजमार्ग बंद होने से पहाड़ को जाने वाले वाहनों को ककरालीगेट बैरियर में रोक-रोक कर भेजा गया।
किरोड़ा का जल स्तर बढ़ने से कुछ देर पूर्णागिरि मार्ग भी बाधित रहा। हालांकि बारिश से मार्ग बंद होने के अलावा किसी अन्य तरह की आपदा की कोई सूचना नहीं है। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि चंपावत राजमार्ग बंद होने की सूचना पर पहाड़ को जाने वाले वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से ककरालीगेट बैरियर पर रोका गया। मार्ग के हालात की जानकारी लेकर ही वाहनों को भेजा गया।
इधर बनबसा क्षेत्र में 24 घंटों में 24 मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई। रविवार को शारदा नदी का जलस्तर 42,527 क्यूसेक रहा। यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा शारदा हेडवर्क्स के बैराज प्रभारी जेई रोहित चौधरी ने बताया कि बनबसा में पिछले 48 घंटों में 26 मिमी बारिश हुई है। संवाद