चंपावत। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा है कि कोविड डेडीकेटेड अस्पतालों में किसी भी सूरत में मरीजों के लिए बेड की कमी नहीं होनी चाहिए। शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड एवं टीकाकरण कार्य की समीक्षा करउन्होंने कहा कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों को सभी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसके नियंत्रण और रोकथाम के लिए मास्क और दूरी का अनुपालन सख्ती से कराएं। उन्होंने कहा कि जितने भी लोगों की सैंपलिंग की जा रही हैं उन्हें अनिवार्य रूप से कोविड किट उपलब्ध कराएं। कोविड ट्रीटमेंट में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन और दवाइयों की काला बाजारी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। चंपावत जिले की समीक्षा के दौरान डीएम विनीत तोमर ने बताया कि जिले में सैंपलिंग और टीकाकरण का कार्य लगातार किया जा रहा हैं। सीमा पर सख्ती से सैंपलिंग की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जिले में ऑक्सीजन सिलिंडरों और रेमडीसिविर दवाइयों की आवश्यकता है।
जिले से डिमांड भेजी जा चुकी हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीडीओ आरएस रावत, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एनबी बचखेती, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, डीपीआरओ सुरेश बेनी आदि जुड़े रहे।