फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंपावत में टीकाकरण की खबर

विज्ञापन
टनकपुर उप जिला अस्पताल में कोविड टीकाकरण का मुआयना करतीं कुमाऊं की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शैलजा भट? - फोटो : CHAMPAWAT
विज्ञापन
चंपावत/टनकपुर। कोविड-19 से बचाव के लिए पहले चरण का टीकाकरण बेहद कामयाब रहा। चंपावत जिले के दोनों केंद्रों में कुल 200 में से 159 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगाया। इसके लिए कुल 16 वायल इस्तेमाल में लाई गईं। अलबत्ता पंजीकृत दो गर्भवती महिला स्वास्थ्य कर्मी और एक अन्य व्यक्ति को स्वास्थ्यगत कारणों से टीका नहीं लगाया जा सका। टनकपुर में पहला टीका पर्यावरण मित्र दीपक कुमार और चंपावत में पर्यावरण मित्र विपिन कुमार को लगाया गया। डीएम एसएन पांडेय और सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने कहा कि कहीं से किसी भी तरह के दुष्प्रभाव की खबर नहीं है। कुमाऊं की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. शैलजा भट्ट ने टीकाकरण वाले दोनों अस्पतालों का जायजा ले व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
विज्ञापन

चंपावत जिला अस्पताल में 100 में से 79 और टनकपुर उप जिला अस्पताल में 100 में से 80 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। पहला टीका लगने के बाद पर्यावरण मित्र को 30 मिनट तक निगरानी कक्ष में सघन देखरेख में रखा गया। जिला अस्पताल के निगरानी कक्ष से निकलने के बाद पर्यावरण मित्र विपिन कुमार ने डीएम, सीएमओ और पीएमएस को अपने अनुभव साझा किया। इसके बाद तमाम अन्य स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन कोरोना वॉरिरयर्स को टीके लगे। सबसे आखिरी टीका टनकपुर में स्टाफ नर्स बिंदु पॉल और चंपावत में जिला अस्पताल कर्मी कमल जोशी को लगाया गया। दोनों टीका केंद्रों में शनिवार को नेटवर्क ने साथ दिया। वेबकास्ट का प्रसारण भी जारी रहा। टीकाकरण अवधि में सिर्फ टीका लगाने वाले को जाने की अनुमति दी गई थी।
फोन कर सूचना दी, अस्पताल पहुंचने पर नहीं लगा टीका
टनकपुर। स्वास्थ्य विभाग ने श्यामलाताल के धर्मार्थ अस्पताल के दो पैरा मेडिकल स्टाफ को फोन कर कोरोना का टीका लगाने की जानकारी दी लेकिन अस्पताल पहुंचने पर दोनों लोगों को टीका नहीं लग सका। राजेंद्र और हरीश जोशी टनकपुर से 27 किमी दूर श्यामलाताल स्थित मायावती आश्रम के धर्मार्थ अस्पताल में पैरा मेडिकल कर्मी हैं। इनमें से एक कर्मी हरीश जोशी की आईडी और जन्मतिथि का मिलान नहीं होने से टीका नहीं लग सका, जबकि दूसरे कर्मी राजेंद्र का नाम टीका लगाने वालों की सूची में ही नहीं था। एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी का कहना है कि श्यामलाताल के दोनों कर्मियों को 18 जनवरी को अस्पताल आने को कहा गया है।
विज्ञापन

टीवी से सुना प्रधानमंत्री का उद्बोधन
चंपावत। टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुनाया गया। चंपावत में लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, बाराकोट की ब्लाक प्रमुख विनीता फर्त्याल, चेयरमैन विजय वर्मा, डीएम एसएन पांडेय, एसपी लोकेश्वर सिंह, पीएमएस डॉ. आरके जोशी और टनकपुर में नगर पालिकाध्यक्ष विपिन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, नोडल अधिकारी एडीएम टीएस मर्तोलिया, सीडीओ आरएस रावत, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया सहित तमाम अफसर मौजूद थे।
30 कार्मिकों ने निभाई टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया
चंपावत। टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को चंपावत जिले में 30 स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरा किया। इसमें महिला कार्मिकों ने भी खूब उत्साह से शिरकत की। टीकाकरण के काम में 12 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कल फिर होगा टीकाकरण
चंपावत। जिले में 2126 स्वास्थ्य कर्मियों में से 1175 लोगों को टीका लगाए जाने के लिए वॉयल मिली है। शेष लोगों का टीकाकरण सोमवार को भी होगा। डीएम ने बताया कि शनिवार को जिन स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया है, उन्हें दूसरी डोज 28 दिन बाद लगाया जाएगा।
चंपावत जिला अस्पताल की टाइमलाइन:
8.45 बजे: कोविड के टीके की 11 वॉयल चंपावत जिला अस्पताल पहुंची।
9.15 बजे: सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी अस्पताल पहुंचे।
10.20 बजे: लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, बाराकोट की ब्लाक प्रमुख विनीता फत्र्याल, डीएम एसएन पांडेय और एसपी लोकेश्वर सिंह अस्पताल पहुंचे।
10.50 बजे: पहला टीका लगाने वाले अस्पताल के पर्यावरण मित्र विपिन कुमार के मोबाइल पर संदेश।
11.02 बजे: टनकपुर में पर्यावरण मित्र दीपक कुमार को पहला टीका लगा।
11.19 बजे: चंपावत में पर्यावरण मित्र विपिन कुमार को पहला टीका लगा।
11.48 बजे: निगरानी कक्ष में 30 मिनट रूकने के बाद परिसर से लौटे।
12.01 बजे: डीएम ने विपिन कुमार से अनुभव जाने।
1.40 बजे: जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने टीका लगवाया।
4.57 बजे: टीकाकरण संपन्न हुआ।
कोरोना संक्रमण से संबंधित चंपावत जिले के आंकड़े
कुल परीक्षण: 95247
संक्रमित: 1791
ठीक हुए: 1689
एक्टिव केस: 93
मौतें: 9
टनकपुर उप जिला अस्पताल:
कुल टीकाकरण हुआ : 80
डॉक्टर: 16, स्टाफ नर्स: 11, फार्मेसिस्ट: 04 , एलटी: 03, पर्यावरण मित्र: 03, वार्ड ब्वाय: 04, वार्ड आया: 02, हेड सुपरवाइजर: 02, 108 एंबुलेंस कर्मी: 05, आंगनबाड़ी: 04 और अन्य: 26
नहीं हुई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी
टनकपुर (चंपावत)। ट्रामा सेंटर भवन में बनाए गए केंद्र में टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों ने निर्भीकता और उत्साह के साथ कोरोना के टीके लगवाए। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ टीकाकरण शाम करीब साढ़े चार बजे तक चला। चयनित 100 में से 85 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने टीके लगवाए। 15 स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्र से बाहर होने के कारण टीका नहीं लग पाया। आधे घंटे तक निगरानी में रहने के बाद सभी लोग स्वस्थ बाहर निकले और किसी को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी नहीं हुई।
ट्रामा सेंटर भवन में बनाए गए केंद्र में एडीएम टीएस मर्तोलिया, सीडीओ आरएस रावत, एसडीएम हिमांशु कफल्टिया, तहसीलदार खुशबू पांडेय, सीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी, केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. मो. उमर, थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान टीकाकरण केंद्र पहुंचे और तैयारी का जायजा लिया। उनकी मौजूदगी में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने टीकाकरण का शुभारंभ किया। पहला टीका संयुक्त चिकित्सालय के पर्यावरण मित्र दीपक कुमार को और दूसरा टीका फार्मासिस्ट महेश चंद्र भट्ट को लगाया गया। गेट पर पुलिस कर्मी लाल सिंह, संजय कुमार ने सैनिटाइजेशन, सूची में नाम का सत्यापन किया। इसके बाद पहले कक्ष में शिक्षक प्रकाश चंद ने लाभार्थी की आईडी का सत्यापन किया और दूसरे कक्ष में स्टाफ नर्स विपला मंडल, भावना पोखरिया, रीना राणा ने टीके लगाए। टीका लगने के बाद तीसरे कक्ष में फार्मासिस्ट अनिल गड़कोटी और जेएस कुंवर ने टीका लगाने वालों के स्वास्थ्य की 30 मिनट तक निगरानी की। डाटा एंट्री की जिम्मेदारी ऑपरेटर प्रियंका, सौरभ पांडे ने निभाई। अभियान को सफल बनाने में डॉ. वीके जोशी, डॉ. प्रभा जोशी, डॉ. घनश्याम तिवारी, डॉ. आफताब अंसारी, टेक्नीशियन राजवीर, फार्मासिस्ट अनिल गड़कोटी, महेश भट्ट, कर्मवीर, धर्मवीर आदि रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें