चंपावत। कोरोना से बचाव के टीके को लेकर गजब का उत्साह है। लोग तो टीका लगाने आगे आ ही रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लंबी पैदल दूरी लांघकर टीका लगाने पहुंच रही है।
रविवार को एएनएम आशा जोशी और इंदु धपवाल के नेतृत्व में विभाग की एक टीम ने 22 किलोमीटर (11 किमी जाना और 11 किमी आना) की पैदल दूरी तय कर बिरगुल क्षेत्र में टीकाकरण किया। यहां 44 साल से अधिक के 35 लोगों ने टीका लगवाया। इस टीम को सड़क से पैदल टीका स्थल पर पहुंचने में दो घंटे का समय लगा। जबकि ढलान होने से वापसी में इस फासले को सवा घंटे में तय कर लिया गया। टीम को धुंध और खराब मौसम का भी सामना करना पड़ा। टीम में अशोक बिष्ट विनोद भट्ट शामिल थे। बताते चलें कि चंपावत जिले में अब तक कुल 106377 लोगों को टीके लग चुके हैं।
कोरोना से बचाव के लिए पूर्व सैनिक जरूर लगाएं टीके
लोहाघाट (चंपावत)। पूर्व अर्द्घ सैनिक बल संगठन इकाई ने कोरोना से बचाव के लिए अनिवार्य रूप से टीकाकरण लगाने की अपील की है। रविवार को एनआर टम्टा की अध्यक्षता और भुवन चंद्र जोशी के संचालन में हुई बैठक में पूर्व अर्ध सैनिकों ने कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता के साथ ही टीकाकरण को जरूरी बताया।
कहा गया कि अधिक उम्र होने के चलते बुजुर्ग लोगों में कोरोना का खतरा अधिक है। बारी आने पर कोरोना के दोनों टीके लगाने के साथ सरकारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया। नगर क्षेत्र में रहने वाले पूर्व सैनिकों और युवाओं से सुबह-शाम की सैर बंद कर घर के कामकाज में हाथ बंटाने का भी सुझाव दिया गया। बैठक में जय सिंह, मदन सिंह, उमा पति, छत्र सिंह, एलएल साह आदि मौजूद थे।