एलायंस क्लब का द्वितीय उत्तरायणी मैत्री मेला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। चार दिनों तक चले मेले में भारत और नेपाल के लोक कलाकारों ने एक दूसरे की संस्कृतियों को साझा किया। मुख्य अतिथि समाजसेवी कैलाश गहतोड़ी ने सफल मेला आयोजन के लिए आयोजकों की तारीफ की।
मिनी स्टेडियम में चार दिनों तक चले उत्तरायणी मैत्री मेले के समापन अवसर पर पिथौरागढ़ के जयमां जयंति म्यूजिकल ग्रुप की शानदार प्रस्तुति पर दर्शक झूमते रहे। टनकपुर के एमडीएम स्कूल के बच्चों की प्रस्तुति भी सराही गई। अमित गोस्वामी, काजल कोरंगा, हरीश धामी के गीतों ने मेले में समा बांध दिया। मंच संचालन हेमेंद्र सिंह रावत, त्रिलोक सोराड़ी और पुष्कर कापड़ी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रायोजकों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रानी कापड़ी, दीपक वर्मा, धर्मेंद्र चंद, सुभाष थपलियाल, बंशीधर उपाध्याय के अलावा क्लब अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सुधा बिष्ट, कै. हरीश कापड़ी, पवन मित्तल, अजय सिंह, मदन बोरा, मनोज मित्तल, नवीन भट्ट, कमल जैन आदि ने सहयोग दिया।
दो देशों की संस्कृतियों को देखने उमड़ी भीड़
चार दिनों तक चले उत्तरायणी मेले में जहां लोगों ने नेपाल भारत के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया वहीं मेले में लगे विभिन्न स्टालों पर खरीदारी की और स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। बच्चों ने झूले, नाव, मिक्की माउस, बच्चों की ट्रेन की सवारी का लुत्फ उठाया। क्राकरी के स्टालों पर महिलाओं की खासी भीड़ रही।