उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग
- फोटो : अमर उजाला
अभाविप कार्यकर्ताओं ने सेमेस्टर की बैक परीक्षा के परिणामों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की है। इस बाबत संगठन के छात्र नेताओं ने प्रभारी प्राचार्या डॉ. एके कटियार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई का आग्रह किया है।
कहा है कि विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टरों की बैक परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए हैं, जिनमें काफी गड़बड़ी सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि बीएससी की छात्रा रेनू ने द्वितीय सेमेस्टर की रसायन विज्ञान का तृतीय पेपर एवं फिजिकल केमिस्ट्री की बैक परीक्षा दी थी।
परिणाम आने पर रेनू को 10 अंक दिए गए हैं। उक्त छात्रा सूचना के अधिकार में अपनी उत्तर पुस्तिका मांगी गई तो उसमें उसे 25 अंक दिए गए थे। इस गड़बड़ी से साफ है कि बैक परीक्षा के परिणामों में अन्य छात्र-छात्राओं के परिणाम में भी ऐसे गड़बड़ी हो सकती है। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष रजत त्रिपाठी, एबीवीपी के नगर मंत्री गजेंद्र सिंह बोहरा, योगेश कुंवर, नीरज अधिकारी, जीवन सिंह भंडारी, मुकेश सिंह, नीरज शर्मा, आकाश पाटनी आदि थे।