जिला अस्पताल में भर्ती साढ़े तीन साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। परिजनों ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल के डॉक्टर की ओर से लगाए गए गलत इंजेक्शन से बच्ची की मौत हुई है, जबकि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने गलत इंजेक्शन से मौत होने से इंकार किया है।
तेलबाड़ा मल्लीहाट निवासी साढ़े तीन वर्षीय सोनम पुत्री हसीब हुसैन को सांस की बीमारी थी। रविवार रात दस बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद बच्ची की हालत सुधर गई तो परिजन उसे घर ले गए। चार घंटे बाद बच्ची की तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन उसे दोबारा जिला अस्पताल ले आए। डॉक्टर ने दोबारा से बच्ची को इंजेक्शन लगाया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के एक घंटे के भीतर बच्ची की मौत हो गई। इस बात को लेकर परिजनों ने काफी देर तक अस्पताल में हंगामा काटा। सीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बच्ची को गलत इंजेक्शन देने के आरोप को गलत बताया। परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी।
डाक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
बच्ची की मां शानू की ओर से कोतवाली पुलिस को सौंपी गई तहरीर में शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम डाक्टरों के पैनल द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच एसआई जगत सिंह सामंत को सौंपी गई है।