चंपावत। नशे की हालत में जिला अस्पताल पहुंचे एक युवक ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। युवक की हरकतों से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों को काफी परेशानी हुई।
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक नशे में धुत होकर अस्पताल पहुंचा। कार्यालय परिसर के बाहर चिल्लाने लगा और अस्पताल कर्मचारियों से अभद्रता करने लगा। युवक के शोर-शराबे से इलाज कराने आए मरीज और उनके परिजन सहम गए। अस्पताल स्टाफ ने युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने काफी मशक्कत के बाद युवक को अस्पताल परिसर से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि युवक ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है। वह अस्पताल में एक राजनीतिक पार्टी का नाम लेकर धमका भी रहा था।
कोट
अस्पताल में नशे की हालत में पहुंचे युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे मरीजों के उपचार कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। उसे समझाने की कोशिश की गई लेकिन काफी देर तक युवक हल्ला करता रहा। बाद में अस्पताल में तैनात गार्ड ने बड़ी मुश्किल से उसे अस्पताल परिसर से बाहर किया। - डॉ. एचएस ह्यांकी, पीएमएस, जिला अस्पताल चंपावत