चंपावत एनआईसी में वीडियो कांफ्रेसिंग में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। यूआईडीएआई के निदेशक आरडी सिंह ने कहा है कि दस साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट कराना जरूरी है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने सोमवार को अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि आधार अपडेट के लिए जिला स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए।
एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि पुराने आधार कार्ड में पता, फोटो आदि की जानकारी अपडेट करने के लिए विभिन्न स्तरों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस किसी के भी 10 वर्षों से आधार कार्ड में पता आदि अपडेट नहीं हुआ है वह ऑनलाइन या नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर आधार अपडेट करा सकते हैं। बैठकों, शिविरों, तहसील दिवसों, सोशल मीडिया, समूहों आदि के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रवार शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस दौरान जिले की ओर से आधार अपडेट करने एवं बनाने में विभिन्न विभागीय स्तर पर आ रहीं समस्याओं के संबंध में भी यूआईडीएआई के अधिकारियों को बताया गया। इस मौके पर यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर एसपी उनियाल, सहायक प्रबंधक शुभम त्यागी, सीएससी जिला प्रबंधक जसवंत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आरपी बिष्ट, एलबीओ पीएस गर्ब्याल, डीईओ सीएस बिष्ट, समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत, डाकपाल जेसी पांडेय, ईडीएम तनुज रावल आदि रहे। संवाद