विधायक हेमेश खर्कवाल ने जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार को अस्पताल का मुआयना किया। कहा कि नई अल्ट्रासाउंड मशीन का लाभ मरीजों को तीन हफ्ते बाद भी नहीं मिल पा रहा है। उन्हाेंने दो हफ्ते के भीतर मशीन को संचालित करने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक खर्कवाल ने जिला अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती से लेकर साफ-सफाई तक की स्थिति को देखा। प्रभारी चिकित्साधीक्षक (एमएस) डा. आरपी खंडूरी ने बताया कि इस समय अस्पताल में 10 डॉक्टर नियुक्त हैं। इनमें से दो डॉक्टर करीब छह महीने से अवकाश पर हैं। इन डॉक्टरों का वेतन रोका गया है।
सीएमओ डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में वार्डब्वाय की तैनाती के लिए शासन से अभी तक धन मंजूर नहीं हुआ है। साथ ही अस्पताल के खाली पड़े 16 पदों पर डॉक्टरों की तैनाती का भी आग्रह किया गया। मुआयने में दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष सुधीर साह, श्याम कार्की आदि मौजूद थे।