चंपावत में नोट बदलने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। छोटे नोटों के बदले बड़े नोट मांगने के नाम पर दो जालसाजों ने चंपावत के एक सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता को 64500 रुपये की चपत लगा दी। गल्ला विक्रेता 65 हजार रुपये की रकम को बैंक में जमा करने गए थे। गल्ला विक्रेता ने चंपावत कोतवाली को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बैंक परिसर सहित कई जगहों के सीसीटीवी खंगाले। चंपावत के एक होटल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन करने के बाद दोनों ठग भीमताल में पकड़े गए। ठगों को लेने के लिए चंपावत पुलिस भी भीमताल रवाना हुई। आरोपियों को भीमताल में पकड़ लिया गया।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ललुवापानी के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता बाला दत्त जोशी पुत्र हरिदत्त जोशी पंजाब नेशनल बैंक की चंपावत शाखा में 65 हजार रुपये जमा करने आए। वे बैंक काउंटर में लाइन में लगे थे। तभी एक अनजान शख्स ने उनसे छोटे नोटों (100 और 200 के नोट) के बदले बड़े नोट (500 और 2000 रुपये) देने का आग्रह किया। बालादत्त उस अनजान के झांसे में आ गए और बैंक की लाइन से अलग होकर उन्हें रकम देने लगे। तभी ठग ने कहा कि उसकी रकम खेतीखान रोड में डाकघर के पास है। बालादत्त बैंक से डाकघर तक उसके साथ हो लिए।
इस बीच रास्ते में एक और व्यक्ति उस ठग के साथ आ गया। डाकघर के नजदीक दोनों ठगों ने 65 हजार रुपये के बड़े नोटों के बदले बालादत्त को कागज में बांधकर रखी नोटों के आकार की कागज की गड्डी थमा दी। इससे पहले कि बालादत्त उस गड्डी को खोलकर देख पाते दोनों ठग रफू-चक्कर हो गए। बालादत्त ने कुछ दूरी तक दोनों ठगों के पीछे दौड़ भी लगाई लेकिन ठग उनके हत्थे नहीं चढ़ सके। बालादत्त ने बताया कि इस गड्डी में 500 रुपये के एक नोट के अलावा शेष कागज के टुकड़े थे। पीएनबी के शाखा प्रबंधक आरके आर्या को भी पूरे मामले की जानकारी तब लगी जब पुलिस सीसीटीवी खंगालने बैंक पहुंची।
बालादत्त ने कोतवाली फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रभारी कोतवाल सोनू सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है लेकिन फोन पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बैंक के अलावा डाकघर के आसपास के सीसीटीवी खंगाले हैं। सीसीटीवी में ठगों का चेहरा नजर आ रहा है। चेहरे से ये ठग बाहरी प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने आसपास के कई लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी हासिल की है। पुलिस को एक होटल से मिले नाम, पते और मोबाइल फोन के सर्विलांस से दोनों ठगों की लोकेशन भीमताल के आसपास मिली। इसके बाद चंपवात पुलिस ने भीमताल पुलिस से संपर्क किया। भीमताल पुलिस ने दो संदिग्धों को दबोचने की सूचना चंपावत पुलिस को दी। दोनों के चेहरे काफी हद सक सीसीटीवी में कैद चेहरों से मिल रहे हैं। इसके बाद चंपावत पुलिस भीमताल रवाना हो गई।
नोटों की अदला-बदली को 600 मीटर तक क्यों गए बालादत्त
चंपावत। ललुवापानी के सस्ता गल्ला विक्रेता बालादत्त जोशी बैंक में 65 हजार रुपये जमा करने के लिए लाइन में लगे थे। बमुश्किल दो मिनट में वे इस रकम को अपने खाते में भी जमा करवा चुके होते। इसी बीच एक अनजान व्यक्ति के कहने पर वे लाइन से हटकर उस अजनबी के साथ चल दिए। जमा करने वाले बड़े नोटों के बदले छोटे नोटों को देने के लिए बाला दत्त बैंक शाखा से करीब 600 मीटर दूर डाक घर तक अजनबियों के साथ चल दिए। जबकि इस पूरी कवायद में उनके वक्त की भी बर्बादी होती। अजनबियों के लिए बालादत्त का उनके साथ डाकघर तक जाना भी पहेली बना हुआ है।