चंपावत। जिला मुख्यालय के रोडवेज बस स्टेशन में गेट बंद रखे जाने के विवाद को लेकर सोमवार सुबह व्यापारियों के दो गुटों में मारपीट हो गई। एक व्यापारी गंभीर रूप से चोटिल हो गया जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेश उपाध्याय ने बताया कि शांत बाजार निवासी और रोडवेज स्टेशन में मिठाई की दुकान चलाने वाले हेमंत कुमार जोशी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार सुबह मुख्य बाजार निवासी गिरीश तिवारी, उसके दोनों बेटे व एक अन्य व्यक्ति ने उनकी दुकान में आकर तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके सिर पर लाडी-डंडे से प्रहार कर उसे लहूलुहान किया गया है और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है।
घायल व्यापारी हेमंत जोशी को जिला अस्पताल में इलाज के बाद हायर सेंटर भेज गया है। कोतवाल ने बताया कि दूसरे पक्ष से गिरीश तिवारी ने भी पुलिस को तहरीर देकर कहा कि हेमंत जोशी व परिजनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर गिरीश तिवारी, हिमांशु व अनिल और दूसरे पक्ष की तहरीर पर हेमंत कुमार जोशी, कुक्की जोशी व जगदीश जोशी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।