चंपावत में चरस तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को कोतवाली पुलिस टीम ने एक किलो 112 चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस तस्करी में लिप्त मोटर साइकिल को भी सीज कर दिया है।
कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने धौन के पास मोटर साइकिल संख्या यूके 06 टीए 7896 को तलाशी के लिए रोका।
इस दौरान मोटर साइकिल चला रहे कमरजीत सिंह (30) निवासी टुकड़ी बिचवा थाना नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंह नगर के पास से 632 ग्राम और मोटर साइकिल में पीछे बैठी बलविंदर कौर (28) निवासी कैथवलिया, नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंह नगर के पास से 480 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/32/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम में सुरेंद्र सिंह खड़ायत, विद्यासागर, अब्दुल मलिक, जीवन सिंह सौन, सुनील आगरी, दुर्गानाथ, तुलसी प्रसाद भट्ट, पूजा डांगी आदि शामिल थे।