संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर (चंपावत)। अनलॉक-1 में अब बाहर से आ रहे प्रवासियों की जांच-पड़ताल और उन्हें क्वारंटीन करने में कोताही बरती जाने लगी है। दिल्ली से आकर नियमों का उल्लंघन कर घर में रह रहीं दो युवतियों को ग्रामीणों की आपत्ति के बाद संस्थागत क्वारंटीन कराया गया। बताया जा रहा है कि जिले की सीमा में प्रवेश करते वक्त इन युवतियों को न तो किसी ने रोका और नहीं उनके स्वास्थ्य की जांच की। कोरोना संक्रमण की रोकथाम में ऐसी कोताही भारी पड़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को नगर से लगे एक गांव की दो युवतियां दिल्ली से टनकपुर पहुंचीं और स्वास्थ्य की जांच कराए बगैर चुपचाप घर चली गईं। ग्रामीणों को जब युवतियों के दिल्ली से आकर घर में रहने का पता चला, तो उन्होंने इस पर आपत्ति करते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। ग्रामीणों की आपत्ति पर हरकत में आए प्रशासन ने दोनों युवतियों को गांव के स्कूल में बनाए गए सेंटर में संस्थागत क्वारंटीन कर दिया। युवतियों के मुताबिक जिले की सीमा में प्रवेश करते वक्त उन्हें किसी ने नहीं रोका, जिस कारण वे सीधे घर चली आईं।
कोरोना संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों से लौट रहे लोगों के स्वास्थ्य की जांच-पड़ताल और नियमों का पालन कराने में बरती जा रही इस तरह की कोताही से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।