लोहाघाट में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करते सीएमओ। स्रोत : सूचना विभाग
चंपावत। ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत लोहाघाट और बाराकोट क्षेत्रों में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लोहाघाट और बाराकोट में अनियमितता पाए जाने पर एक-एक दुकान को सील किया है। तीन दुकानदार टीम को देख कर दुकान बंद कर भाग निकले।
डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम नीतू डांगर और सीएमओ डॉ. देवेश चौहान के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण विभाग, तहसील प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल सात मेडिकल स्टोर खुले पाए गए जबकि तीन मेडिकल स्टोर संचालक टीम को देखकर दुकान बंद कर फरार हो गए।
जांच में दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं पर उन्हें सील कर दिया। साथ ही इनके लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई। टीम ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, हर बिक्री पर कैश मेमो जारी करने और रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक हर्षिता ने प्रभावी और एंटीबायोटिक दवाएं केवल डॉक्टर के वैध पर्चे पर ही बेचने के निर्देश दिए।