च्यूरानी में रविवार को हुए जीप हादसे के हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती छह घायलों में से दो को ऋषिकेश स्थित एम्स भेज दिया गया है। सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती चार अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। चंपावत अस्पताल में भर्ती पांचों घायलों की हालत में भी सुधार हो रहा है।
लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के मुताबिक हल्द्वानी में सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती बिशन सिंह (35) पुत्र राम सिंह और गणेश भंडारी (24) पुत्र जीवन भंडारी को ऋषिकेश स्थित एम्स भेजा गया है। हल्द्वानी सुशीला तिवारी में भर्ती लालमणि जोशी (48) पुत्र बद्रीदत्त, खीम सिंह (45) पुत्र दीवान सिंह, कमल सिंह भंडारी (16) पुत्र इंद्र सिंह मिर्तोली और भूपाल सिंह (50) पुत्र जीत सिंह निवासी ओखलंज की सेहत में सुधार हो रहा है।
लोहाघाट अस्पताल से चंपावत जिला अस्पताल रेफर किए गए सभी पांचों घायलों की हालत में सुधार हो रहा है। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने बताया कि भवान सिंह (38) पुत्र शेर सिंह और दीवान सिंह (31) पुत्र लक्ष्मण सिंह को सघन निगरानी में रखा गया है। तीन अन्य घायलों जगत सिंह (60) पुत्र मोहन सिंह, दिनेश भंडारी (15) पुत्र धन सिंह और लाल सिंह (46) पुत्र शेर सिंह मिर्तोली की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
बाराकोट अस्पताल में रात भर जमे रहे परिजन
च्यूरानी जीप हादसे में मारे गए मिरतोली गांव के छह लोगों का बाराकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। लोहाघाट अस्पताल में दुघर्टना में मारे गए तारादत्त जोशी और कृष्ण चंद्र जोशी का पोस्टमार्टम रविवार शाम को लोहाघाट में किया गया था। बाद में इन सभी आठ लोगों का रामेश्वर घाट में बेहद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
बाराकोट अस्पताल में ब्लाक के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने घटना में गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों का ढाढ़स बंधाया। रविवार देर शाम को दुर्घटना में मारे गए मिर्तोली निवासी सुरेश चंद (40) पुत्र लाली चंद, खीम चंद (45) पुत्र कल्याण चंद, खिलानंद जोशी (50) पुत्र जोगादत्त, चालक त्रिलोक सिंह भंडारी (42) पुत्र कल्याण सिंह भंडारी, प्रकाश सिंह (40) पुत्र कुंवर सिंह और दिलीप सिंह अधिकारी (45) पुत्र कल्याण सिंह निवासी पुनई के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाराकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रख दिया गया था। परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में गांव के लोग अस्पताल में रहे। सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिए गए। विधायक पूरन सिंह फत्र्याल, सामाजिक कार्यकर्ता राजू अधिकारी सुबह से ही लोगों को ढांढस बंधाते रहे। सभी छह शवों को जैसे ही अंतिम संस्कार के लिए रामेश्वर घाट ले जाने के लिए वाहन में चढ़ाया गया, पूरा वातावरण चीख पुकार से गूंज उठा।
शोक में बंद रहा बाराकोट बाजार
लोहाघाट (चंपावत)। च्यूरानी हादसे में मारे गए लोगों के शोक में बाराकोट का बाजार भी सोमवार को बंद रहा। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय वर्मा की पहल पर बाराकोट के सभी व्यापारियों ने शोक में प्रतिष्ठान बंद रखे और मारे गए लोगों की आत्मा की शंाति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा में देवेंद्र सिंह, हरीश वर्मा, मोहन नाथ, मदन जोशी, महेश अधिकारी, जगदीश अधिकारी आदि मौजूद थे।