टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में स्वांला के पास आए मलबे को हटाते जेसीबी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) में निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग पर स्वांला के पास शुक्रवार को दो घंटे तक लोगों को जाम में फंसे रहना पड़ा। रोड कटिंग के दौरान आए मलबे से ये नौबत आई। बाद में निर्माणदाई संस्था ने मलबे को हटाकर यातायात सुचारु किया। जाम के दौरान लोगों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी।
निर्माणाधीन बारहमासी मार्ग पर स्वांला मंदिर के पास की कटिंग चुनौतीपूर्ण है। स्वांला में पिछले साल दिसंबर में भी तीन हफ्ते तक आवाजाही ठप रही थी। अभी भी कठोर चट्टान वाले स्वांला क्षेत्र में काफी कटिंग होनी बाकी है। स्वांला में पहाड़ी की कटिंग और उससे गिरे मलबे के चलते करीब दो घंटे तक आवाजाही प्रभावित रही। इस वजह से चंपावत और टनकपुर की तरफ से आने वाले वाहन फंसे रहे। लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।