टनकपुर (चंपावत)। कोतवाली पुलिस ने नेपाल में सस्ता सोना दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ ऊधमसिंह नगर जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों ऊधमसिंह नगर निवासी हैं। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।
कोतवाली पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को ऊधमसिंह नगर के खटीमा के ग्राम गांधी गिधौर निवासी कैद सिंह ने तहरीर सौंपी। आरोपी हरकेश मीना, सन्नी, छिंदर कौर, परमजीत सिंह पर सस्ता सोना दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 3.20 लाख रुपये हड़़पनेे और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 420, 506 भादवि के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचना एसआई ओम प्रकाश को सौंपी गई थी।
सीओ शिवराज सिंह राणा और कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने जिला ऊधमसिंह नगर के ग्राम बिंदुखेड़ा निवासी आरोपी परमजीत सिंह उर्फ पम्मी और ऊधमसिंह नगर के ही सरकड़ी निवासी आरोपी सोनू उर्फ सन्नी को शारदा बैराज के पास कार संख्या यूके 06 बीसी 3466 के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी परमजीत सिंह उर्फ पम्मी के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट के करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं जबकि सोनू सिंह के विरुद्ध भी थाना केलाखेड़ा, खटीमा, नानकमत्ता में अभियोग पंजीकृत हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।