ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी खनिज निकासी की अनुमति देने से भड़के शक्तिमान ट्रक मालिकों ने तीसरे दिन भी खनिज निकासी ठप रखी। वहीं, बृहस्पतिवार से उन्होंने नायकगोठ के पास अपस्ट्रीम पर अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना शुरू कर दिया है।
जिला प्रशासन की ओर से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी खनन निकासी की अनुमति देने से भड़के शक्तिमान ट्रक स्वामियों ने तीन दिनों से खनन निकासी ठप कर रखी है। भड़के ट्रक स्वामियों ने एसोसिएशन अध्यक्ष योगी ज्याला के नेतृत्व में बेमियादी क्रमिक धरना शुरू कर दिया। बृहस्पतिवार को धरने पर गौरव पाल, राजेंद्र रजवार, कादिर अली, जगदीश चंद, रियासत हुसैन आदि बैठे। शक्तिमान ट्रक मालिकों ने प्रशासन से बृहस्पतिवार की देर शाम नगर में मौन जलूस निकालने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी।
उधर, वन विकास निगम खनन इकाई के डीएलएम खनन हरीश पाल ने बताया कि खनन निकासी ठप होने से सरकार को प्रतिदिन 16 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि खनन निकासी के लिए अभी आठ ट्रैक्टर स्वामियों के आवेदन आए हैं, जिनके कागजातों की जांच चल रही है। ट्रैक्टर स्वामियों ने एसपी को फैक्स भेजकर अपनी सुरक्षा की मांग की है, जबकि शक्तिमान एसोसिएशन के अध्यक्ष योगी ज्याल ने बताया कि उनका एक शिष्टमंडल शीघ्र ही डीएम को अपनी समस्या से अवगत कराएगा। उधर, वन विकास निगम खनन इकाई के डीएलएम हरीश पाल ने डीएम, एसडीएम और सीओ को पत्र भेजकर शक्तिमान एसोसिएशन पर अपना घेराव करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के संबंध में पत्र भेजा है।
धारा-144 लगाने की मांग
टनकपुर (चंपावत)। शक्तिमान ट्रक स्वामियों और ट्रैक्टर-ट्राली मालिकों के बीच उपजे विवाद से क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका बन गई है। इसके तहत पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था चाक चौबंद रखने को प्रशासन से नगर क्षेत्र में धारा-144 लगाने को कहा है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने एसडीएम से टनकपुर में धारा 144 लगाने को पत्र दिया है।