चंपावत में सेना भर्ती की ट्रेनिंग
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। युवा कल्याण विभाग की ओर से चमदेवल में युवाओं का दस दिनी शारीरिक प्रशिक्षण शुरू हो गया है, इसके तहत क्षेत्र के 20 युवाओं को सेना में भर्ती होने के गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ पुष्पा देवी, मदन कलौनी ने किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी (बीओ) जसवंत सिंह खड़ायत का कहना है कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक रूप से दक्ष कर उनमें नेतृत्व की भावना का विकास कहना है।
युवाओं को हवलदार मोहन सिंह, त्रिलोक सिंह प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें दौड़, लंबीकूद, दंड बैठक, पुशअप आदि का अभ्यास कराया जा रहा हैं। बीओ के अनुसार लोहाघाट जीआईसी मैदान में भी 30 जुलाई से दस दिनी प्रशिक्षण शिविर लगेगा।
इसके लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। उन्होंने लोहाघाट ब्लॉक के इच्छुक युवाओं से स्थायी निवास, जाति, चरित्र, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के साथ सुबह 10 बजे जीआईसी मैदान पहुंचने को कहा है। इस दौरान अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन, शारीरिक परीक्षण एवं मापतौल किया जाएगा।