चंपावत। जिले में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सुधार को लेकर युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिले में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और कौशल विकास मिशन उत्तराखंड की ओर से स्वास्थ्य सेवा (हेल्थ केयर) क्षेत्र में 18 से 45 वर्ष के मध्य आयु वर्ग के इंटरमीडिएट पास अभ्यर्थियों के लिए आपातकालीन चिकित्सा संबंधी व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इमरजेंसी मेडिकल बेसिक टेक्नीशियन का एक माह का अल्पकालीन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका संचालन प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्रों में किया जाएगा।
इसके बाद तीन माह की ऑन जॉब ट्रेनिंग जिले के सरकारी चिकित्सालयों में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण लेने के इच्छुक अभ्यर्थी तीन जून तक यूआरएल लिंक TINYURT.COM पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।