लोहाघाट (चंपावत)। नौकरी, पेंशन आदि मांगों को लेकर एसएसबी गुरिल्ला संगठन की ऑनलाइन आपातकालीन बैठक हुई। बैठक में प्रदेश भर के सैकड़ों गुरिल्लों ने भाग लिया। मांग पूरी न होने पर 17 फरवरी को सीएम आवास कूच करने का निर्णय लेते हुए मांग पूरी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।
गुरिल्ला संगठन के प्रदेश अध्यक्ष युद्धवीर सिंह राणा की अध्यक्षता और चंपावत जिलाध्यक्ष ललित बगौली के संचालन में हुई बैठक में गुरिल्लों ने कहा कि 18 दिसंबर 2024 को जब सीएम आवास कूच था, तो सरकार ने आनन-फानन गुरिल्ला पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया था। इसमें प्रमुख गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में वार्ता हुई। तब सरकार ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में समस्त सचिवों के साथ बैठक की। जिसमें सचिव स्तर से गुरिल्लों की मांग पर कार्रवाई का आश्वासन प्रदेश कार्यकारिणी को दिया गया। एक माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर अगर सरकार 10 फरवरी तक गुरिल्लों को नौकरी और पेंशन नहीं देती है तो समस्त उत्तराखंड के गुरिल्ला 16 फरवरी को देहरादून कूच करेंगे और 17 फरवरी को अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ जाएंगे और आत्मदाह जैसे कई कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।