ट्रैफिक पुलिस कर्मी को सांड़ ने पटका
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले के टनकपुर नगर में लावारिस पशुओं का उत्पात बढ़ गया है। नगर के व्यस्ततम राजाराम चौराहे पर मां पूर्णागिरि मेले में तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान को सांड़ ने पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से आसपास अफरातफरी मच गई। लोगों ने घायल पुलिसकर्मी को उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मांग पूर्णागिरि मेले में जाने के लिए नगर से रोजाना हजारों श्रद्धालु गुजर रहे हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान हर चौराहे पर तैनात किए गए हैं। बुधवार को नगर के राजाराम चौराहे पर यातायात पुलिस के जवान धीरज विश्वकर्मा (38) पुत्र लीलाधर निवासी भैरवा वार्ड एक होमगार्ड के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इस बीच अचानक सांड़ ने धीरज पर हमला कर उन्हें पटक दिया।
आसपास के लोगों ने किसी तरह सांड़ को भगाया। सांड़ के हमले में धीरज के सिर में गंभीर चोट आई। पास ही मौजूद भूपेंद्र सिंह सिम्मी और एडवोकेट कमल गड़कोटी ने घायल यातायात पुलिस के जवान को उप जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस से एसआई भुवन गड़कोटी समेत अनेक पुलिस कर्मी भी अस्पताल पहुंच गए। यहां डाॅ. नौनिहाल सिंह ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।