बाराकोट के में मलबा हटाती मशीन। स्रोत : विभाग
लोहाघाट (चंपावत)। क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया। पिथौरागढ़-चंपावत एनएच पर संतोला के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने से सड़क करीब चार घंटे तक बंद रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गईं और सैकड़ों यात्री फंस गए। सूचना के बाद सुबह आठ बजे लोडर मशीन मौके पर पहुंची। चार घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाया, तब दोपहर बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई।
इधर, बाराकोट ब्लाॅक के गल्लागांव-देवली माफी मोटर मार्ग पर मलबा गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गई। मार्ग बंद होने से नौमाना ताड़ीगांव, डोबाभागू, सेरी कनियाना, इजड़ा, दैगांव, लोहाश्री, रावल गांव, सूराकोट, सिमलटुकरा, पाडासोंसेरा आदि गांवों के निवासियों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के कारण खेतों में भी नुकसान हुआ है। पीएमजीएवाई के अभियंता गोपाल कोलाकोटी ने बताया लोडर मशीन मलबा हटाने में लगी हुई है। शाम तक वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। संवाद