जीएसटी सर्वे के विरोध में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजते व्यापारी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। सरकार की ओर से कराए जा रहे जीएसटी सर्वे का नगर के व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया है। व्यापारियों ने उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाए। व्यापारियों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव राय के नेतृत्व में व्यापारियों ने जीएसटी सर्वे के विरोध में तहसील के सामने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि जीएसटी संग्रह बढ़ाने को लेकर सरकार व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार का हर कदम पर साथ देता आया है लेकिन जीएसटी के नाम पर उत्पीड़न से हर व्यापारी वर्ग मानसिक रुप से परेशान हो गया है।
उन्होंने एसडीएम रिंकू बिष्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करने की मांग उठाई। इस मौके पर कोषाध्यक्ष सतीश मुरारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, मनोज गर्ग, नवीन चंद्र, प्रकाश जोशी, प्रमोद गहतोड़ी, मोहन जजरिया, रविंद्र मुरारी, दीपक राय, पुष्कर धौनी, भास्कर पाटनी आदि मौजूद रहे। संवाद