टनकपुर (चंपावत)। बनबसा को ब्लॉक बनाने के लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व बीडीसी सदस्य जसवंत सिंह बसेड़ा ने मुहिम फिर छेड़ दी है। उन्होंने सांसद अजय टम्टा को इस बाबत ज्ञापन भी भेजा है।
तीन बार बीडीसी सदस्य रहे बनबसा पचपकरिया निवासी बसेड़ा ने बनबसा को ब्लॉक बनाने के लिए लंबी लड़ाई की थी। चंपावत जिला बनाओ अभियान के दौरान भी उन्होंने बनबसा को ब्लॉक बनाने की मांग उठाई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बनबसा-टनकपुर को चंपावत ब्लॉक से जोड़ा गया है लेकिन बनबसा के सुदूरवर्ती मझगांव गठीगोठ से चंपावत की दूरी करीब 90 किमी है। जहां ब्लॉक संबंधी कार्यों के लिए लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कत होती है।
बरसात में सड़कें क्षतिग्रस्त होने से भी लोगों के परेशानियां होती है।
बसेड़ा ने कहा है कि बनबसा को ब्लॉक का दर्जा जल्द नहीं मिला तो वे आरपार की लड़ाई को विवश होंगे। उधर जिपं सदस्य पुष्कर कापड़ी, गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, प्रधान दीपक प्रकाश चंद, भावना नेगी, हर्ष बहादुर चंद, सुमन चंद, सुनीता राणा, भाजपा किसान मोर्चा के उमेश भट्ट, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री जगत सिंह मिताड़ी आदि ने भी बसेड़ा की पहल का समर्थन किया है।