बनबसा मिनी स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में अतिथियों के साथ दोनों टीमों के खिलाड़ी।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। पुलवामा शहीदों की स्मृति में आयोजित प्रथम बनबसा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को खेले गए मैचों में व्यापार मंडल, शारदा क्लब और यंग स्टार इलेवन ने अपने अपने मैच जीते। इन मैचों में भेजराज, उस्मान ख्वाजा और प्रदीप लारा को मैन आफ द मैच चुना गया।
मिनि स्टेडियम में चल रही इस प्रतियोगिता के तहत हुए पहले मैच में व्यापार मंडल ने राजपूत क्लब चंदनी को हराया। इस मैच में पहले खेलते हुए व्यापार मंडल की टीम ने छह विकेटों के नुकसान पर 135 रन बनाए। जवाब में राजपूत क्लब चंदनी की टीम 114 रन ही बना सकी। दूसरा मैच सर्वोदय क्लब और शारदा क्लब कैनाल कालोनी के बीच खेला गया। सर्वोदय क्लब की टीम ने निर्धारित ओवरों में 86 जुटाए। जवाब में शारदा क्लब ने छह विकेट के नुकसान पर 87 रन जुटाकर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। यंग स्टार इलेवन और राजपूत क्रिकेट क्लब के मध्य खेले गए तीसरे मैच में पहले बल्लेबाजी कर यंग स्टार इलेवन ने 151 रन बनाए। बाद में बल्लेबाजी करते हुए राजपूत क्लब की टीम मात्र 83 रन ही जुटा पाई। इन मैचों के अंपायर जतिन चंद देऊपा और जंग बहादुर थापा, स्कोरर योगेश पांडेय थे। आंखों देखा हाल आयोजन कमेटी के सचिव दीपेंद्र चंद, कमलेश भट्ट ने सुनाया।