चंपावत जिला सभागार में हुई बैठक में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। त्योहारों और शीतकालीन सीजन को लेकर जिला प्रशासन और व्यापारियों की बैठक जिला सभागार में डीएम एसएन पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। डीएम ने नगर पालिका अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ तथा टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से कहा कि कोविड-19 के मामले जिले में कम जरूर हुए हैं, इसका अर्थ यह नहीं है कि हम लापरवाही करें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव में व्यापार संघ का सहयोग महत्वपूर्ण है और आने वाले त्योहारों का सीजन अन्य त्योहारों के सीजन की अपेक्षा अलग है, इस दौरान बाजार में पहले से अधिक भीड़ होगी।
उन्होंने व्यापार संघ अध्यक्ष से कहा केवल मास्क वाले लोगों को ही दुकानों में प्रवेश करने की अनुमति दें, दुकान के बाहर सैनिटाइजर की व्यवस्था करें। उन्होंने टैक्सी यूनियन अध्यक्ष से कहा कि टैक्सी चालक अनिवार्य रूप से अपनी टैक्सियों को नियमित सैनिटाइज करें तथा टैक्सी में हमेशा अतिरिक्त मास्क वह सैनिटाइजर आवश्यक रूप से रखें ताकि जिस किसी यात्री के पास मास्क न हो आपातकाल की स्थिति में उसे मास्क दे सके। इस मौके पर एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, जिला अध्यक्ष प्रांतीय उद्योग प्रतिनिधि मंडल प्रकाश तिवारी, जिला अध्यक्ष होटल एसोसियेशन बसंत तड़ागी, टैक्सी यूनियन कुमाऊं महासंघ के उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष अमर नाथ सक्टा, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस सूरज प्रहरी, अनुराग साह आदि मौजूद थे।