पंचेश्वर में एंगलिंग के दौरान पकड़ी गई 27पांउड की गोल्डन महाशीर मछली दिखाते सिद्घार्थ आनंद।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी के चलते छह माह से बंद पड़ी पर्यटन गतिविधियां धीरे-धीरे सुचारु होने लगी हैं। अनलॉक पांच में सरकार की ओर से रियायत दिए जाने के बाद पंचेश्वर संगम पर एंगलिंग के लिए देश के विभिन्न स्थानों से एंगलरों की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे बेरोजगारी का दंश झेल रहे क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार मिलने लगा है। कालाढुंगी से आए एंगलर की ओर से 27 पाउंड की गोल्डन महाशीर पकड़ी गई।
अनलॉक पांच के बाद एंगलिंग के लिए प्रसिद्ध पंचेश्वर संगम में एंगलिंग शुरू हो गई है। मत्स्य विभाग की ओर से युवक मंगल दल मल्ला खायकोट और युवक मंगल दल निडिल के जरिये से एंगलिंग परमिट जारी किए जा रहे हैं। पिछले दो दिनों में हल्द्वानी, ऊधमसिंह नगर, गुरुग्राम से आए एंगलरों ने पंचेश्वर में एंगलिंग का लुत्फ उठाया। इस दौरान कालाढुंगी निवासी सिद्धार्थ आनंद ने 27 पाउंड की गोल्डन महाशीर पकड़कर उसे पुन: नदी में छोड़ दिया गया। एंगलर सिद्धार्थ आनंद, भावना आनंद, गुरुग्राम से आए उदय महाजन ने बताया कि काफी लंबे समय बाद एंगलिंग का मौका मिलने पर उन्हें काफी खुशी मिल रही है। स्थानीय होशियार सिंह, ओंकार सिंह, गणेश सिंह, रमेश पंत, दिनेश पंत, कुंअर आदि का कहना है कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने लगा है।