बनबसा में एनएच किनारे हाईटैक सुलभ शौचालय का नगर पंचायत ने किया रखरखाव।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। होली पर्व के तत्काल बाद शुरू होने वाले मां पूर्णागिरि धाम के मेले के तहत बनबसा नगर पंचायत ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुलभ शौचालयों की मरम्मत, सफाई कर दी गई है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में दो वाटर कूलर भी लगाए जा रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्षा रेनू अग्रवाल ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम के दर्शनों बाद बनबसा के रास्ते नेपाल के महेंद्रनगर स्थित सिद्धनाथ बाबा के दर्शनों को जाने वाले भक्तों के लिए सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। नगर पंचायत ने दो हाईटेक और तीन साधारण सुलभ शौचालयों में सफाई कर दी गई है। मेला (30 मार्च) शुरू होने से पहले शौचालयों को खोल दिया जाएगा।
इनके टेंडर निकाले जा चुके हैं। मेला क्षेत्र स्थित पानी की क्षतिग्रस्त टंकी की मरम्मत की जा रही है। बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में एनएच पर 40-45 तिरंगा लाइटें लगाई जाएंगी। एनएचपीसी की ओर से मिले दो वाटर कूलर मीना बाजार, मुख्य बाजार में लगाए जा रहे हैं, जिनकी देखरेख नगर पंचायत करेगी। पाटनी तिराहे से मीना बाजार तक सफाई कर टैंकरों से पानी, मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे।