टनकपुर (चंपावत)। नेपाल के लिए बन रही नहर के हेड रेगुलेटर निर्माण के लिए अब बैराज में जमा पानी मंगलवार सुबह पांच बजे से छोड़ा जाएगा। धारचूला की धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना में डैम की सफाई के लिए सोमवार रात 12 बजे से पानी छोड़ने के फैसले की वजह से यह निर्णय लिया गया है। इस फैसले के चलते बैराज के डाउन स्ट्रीम में सोमवार को दिनभर शारदा से खनिज निकासी जारी रही।
तटबंध में नेपाल नहर के हेड रेगुलेटर के निर्माण के लिए एनएचपीसी ने आठ फरवरी से 31 मार्च तक 52 दिनों का क्लोजर घोषित किया है। पहले सोमवार शाम पांच बजे से टनकपुर बैराज में जमा पानी खाली किया जाना था, लेकिन अब एनएचपीसी प्रशासन ने मंगलवार सुबह पांच बजे से पानी खाली करने का फैसला लिया है, जिसके चलते मंगलवार को खनिज निकासी का काम प्रभावित रह सकता है। टनकपुर पावर स्टेशन में महाप्रबंधक एसके शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे बैराज के गेटों को खोलकर बैराज डैम में जमा पानी खाली किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार रात आठ बजे से पानी खाली होने तक बैराज और नदी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। इधर खनन प्रबंधक हरीश पाल का कहना है कि यदि सुबह आठ बजे तक बैराज में जमा पानी खाली नहीं हुआ तो मंगलवार को खनिज निकासी का कार्य प्रभावित रह सकता है।