सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत अंबेडकर ग्राम फागपुर में बृहस्पतिवार को चौपाल लगी। मुख्य अतिथि विधायक हेमेश खर्कवाल ने ग्रामीणों की समस्याओं को संजीदगी से हल करने के निर्देश दिए। कहा कि स्थानीय स्तर पर निपटने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण हो और शासन स्तर की समस्याओं को भी समय रहते हल किया जाएगा। खर्कवाल ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए योजनाओं की जानकारी भी दी।
ग्राम प्रधान गीता देवी की अध्यक्षता और मंडी अध्यक्ष हरीश भट्ट के संचालन में हुई चौपाल में खंड विकास अधिकारी शिल्पी पंत, मुख्य चिकित्साधीक्षक एचएस हयांकी और सीडीपीओ लक्ष्मी देवी ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल ने विभिन्न पेंशन योजनाओं, भूमिधरी कानून, शौचालय निर्माण की प्रगति बताई। उन्होंने ग्रामीणों को लावारिस और आवारा पशुओं से निजात दिलाने का भी भरोसा दिया। कई समस्याओं का मौके पर ही निदान किया गया। चौपाल में तमाम विभागीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।
कांग्रेस का मायका है फागपुर
विधायक हेमेश खर्कवाल ने टनकपुर से लगे अंबेडकर ग्राम फागपुर को कांग्रेस का मायका कहा। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया। उन्होंने दो मंदिरों के सुंदरीकरण, विकास योजना और महिला मंगल दल आदि के लिए चार लाख रुपये, शहीद जगदीश सिंह के घर तक मार्ग, शहीद द्वार निर्माण, तीन अन्य संपर्क मार्ग निर्माण, पांच सोलर स्ट्रीट लाइट, 20 बिजली के पोल, युवाओं के लिए खेल सामग्री और वाल्मीकि मंदिर जीर्णोद्धार का भरोसा दिया।