चंपावत। कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर जिले की सीमाओं में बाहर से आवाजाही के समय में दो घंटे की कटौती की गई है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि अलग-अलग जिलों से लगे पांच प्वाइंट ककरालीगेट, घाट, पनार, वालिग और महर पिनाना में सुबह 6 से शाम 6 बजे तक ही आवाजाही हो सकेगी। सिर्फ बनबसा से लगी जगबुड़ा सीमा पर ये आवाजाही रात 8 बजे तक हो सकेगी। इन सभी जगहों में तैनात डॉक्टरों की टीम यात्रियों की स्क्रीनिंग करेगी। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। टैक्सियों की आवाजाही के वक्त को भी कम करने पर विचार किया जा रहा है।
चंपावत/लोहाघाट। कोरोना वायरस के चलते दूसरे प्रदेशों से लोग घरों को लौट रहे हैं। इनके घर लौटने से आसपास के लोग वायरस के प्रति आशंकित हो रहे हैं। सीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि तल्लादेश क्षेत्र के बाहर से आए 65 लोगों को एहतियातन होम क्वारंटीन में रहने की नसीहत दी गई है। रविवार को जिला अस्पताल पूरे अलर्ट मोड पर था। वहीं लोहाघाट अस्पताल के डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि रविवार को दिल्ली, मुंबई, दुबई, सउदी अरब, अमेरिका से ंआए करीब 50 लोगों का परीक्षण किया गया। स्वस्थ पाए गए इन लोगों को फिटनेस प्रमाणपत्र दिया गया।
डॉक्टरों ने मांगे प्रोटेक्शन किट
चंपावत/लोहाघाट। पर्याप्त कोरोना ड्रेस नहीं होने से जांच में लगे स्वास्थ्य टीम सहमी हुई है। इसके मद्देनजर डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने पर्सनल प्रोटेक्शन किट की स्थानीय व निदेशालय स्तर से व्यवस्था करने के सीएमओ को निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग भी इस काम में मदद करेगा।
कुछ जगह खुली रही दवा की दुकानें
चंपावत/लोहाघाट। जनता कर्फ्यू में सिर्फ कुछ जगह दवा की दुकानें ही खुली थीं। हरीश खर्कवाल सहित तमाम दवा कारोबारियों ने लोगों की जरूरत को देखते हुए ये कदम उठाया। वहीं लोहाघाट के व्यापारियों का कहना है कि जरूरत होने पर वे दिन व रात मेडिकल स्टोर खोलकर सहयोग करेंगे।
मॉकड्रिल में मिले दो कोरोना पॉजीटिव!
चंपावत। शासन के निर्देश पर कोरोना वायरस से निपटने के लिए हुई मॉक ड्रिल के दौरान दो व्यक्ति पॉजीटिव मिले। पुष्टि के बाद दोनों को जिला अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
सुबह 9.30 बजे कठनौली गांव से भुवन पांडेय ने कंट्रोल रूम कॉल कर चतुर सिंह में वायरस के लक्षण का अंदेशा जताया। आनन-फानन में सूचना जिला अस्पताल को दी गई। सीएमएस डॉ. आरके जोशी ने फौरन डॉक्टरों की टीम को एंबुलेंस के साथ कठनौली भेजा। प्राथमिक जांच के बाद ग्रामीण को अस्पताल में बने क्वारंटीन में भर्ती किया गया। एक घंटे बाद मौनपोखरी से अमित वर्मा ने कोरोना लक्षण दिखाई देने की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। उन्हें भी इसी तरह क्वारंटीन सेंटर में भर्ती किया किया। सूचना मिलने पर डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय, एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल अस्पताल पहुंचे। मॉक ड्रिल में डॉक्टरों की टीम ने दोनों मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे। जिसमें दोनों मरीजों में कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया।