चंपावत के अमोड़ी क्षेत्र में जेसीबी से अवैध रूप से बनाई गई दुकान तोड़ती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिला प्रशासन ने अमोड़ी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से बनाई गई तीन दुकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
रविवार को तहसीलदार बृजमोहन आर्य के नेतृत्व में टीम अमोड़ी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी हुए सरकारी भूमि पर पहुंची। यहां अवैध तरीके से बनाई गईं तीन दुकानों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त करा दिया गया। इस भूमि पर रीप परियोजना का सरकारी भवन बनाने का प्रस्ताव हैं जिस पर कार्य प्रगति पर चल रहा है। तहसीलदार ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को पनपने नहीं दिया जाएगा। आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
इस दौरान तहसीलदार ने विरोध कर रहे लोगों को समझाकर शांत करााया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई डीएम मनीष कुमार के आदेश और एसडीएम अनुराग आर्य के दिशा-निर्देशन में की गई है। अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को ग्राम विकास विभाग के प्रतिनिधि जिला परियोजना प्रबंधक के सुपुर्द की गई। इस दौरान बीडीओ अशोक सिंह अधिकारी, रीप परियोजना के प्रबंधक शुभांकर झा, राजस्व निरीक्षक दीनदयाल वर्मा, राजस्व उप निरीक्षक जीवन सिंह रिंगवाल और चल्थी चौकी प्रभारी हेमंत आदि मौजूद रहे।