चंपावत/टनकपुर। कोविड संक्रमण से बीते 24 घंटें में चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चंपावत के पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के भाई एडवोकेट सुरेश खर्कवाल भी शामिल हैं। खटीमा के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं बनबसा और टनकपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। सभी का अंतिम संस्कार कोविड नियमों का पालन करते हुए किया गया। वहीं बीते 24 घंटे में जिले में 173 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी के साथ अब जिले में 1654 सक्रिय मामले हैं।
इधर चंपावत जिले में टीकाकरण जारी है। रविवार को जिले के दूरस्थ क्षेत्र दियूरी में भी टीकाकरण शुरू हुआ। यहां डॉ. मंजीत सिंह और फार्मेसिस्ट भूपेश जोशी के दिशा-निर्देशन में 45 साल से अधिक उम्र के 45 लोगों को टीके लगाए गए। इसके अलावा चंपावत, लोहाघाट सहित जिले में 300 से अधिक लोगों को टीके लगाए गए। अलबत्ता कई जगह टीकाकरण के दौरान सामाजिक दूरी का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा है। इधर सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी का कहना है कि फिलहाल जिले में 3300 डोज बची है। सोमवार सुबह तक 22000 डोज पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं लोहाघाट में टीके खत्म होने से पाटी और देवीधुरा से 300 डोज मंगाई गई है।
पिथौरागढ़ में कोरोना संक्रमण से दो महिलाओं की मौत
पिथौरागढ़। जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। कोरोना ने दो दिनों में दो महिलाओं की जिंदगी लील ली। जिले में एक्टिव केसों की संख्या 820 हो गई है। वहीं तीस लोग स्वस्थ हुए।
सीएमओ डॉ एचसी पंत ने बताया कि रविवार को एंटीजन जांच में 31 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके एक्टिव केसों की संख्या 820 पहुंच गई है। जबकि दो महिलाओं की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। शनिवार देर शाम हायर सेंटर रेफर एक 32 वर्षीय गर्भवती महिला की रास्ते में मौत हो गई थी। जिसका कोविड नियमों के तहत अंतिम संस्कार किया। रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। इसके बाद कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से मौतों का आंकड़ा 10 पहुंच गया है। जिले में अब कोरोना से मरने वालों की संख्या 59 पहुंच गई है। (संवाद)
टनकपुर में 112 और मिले कोरोना संक्रमित
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर में हुए आरटीपीसीआर और एंटिजन टेस्ट में 112 लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में टनकपुर व बनबसा के 61 लोगों के अलावा चंपावत, लोहाघाट, रूद्रपुर और हल्द्वानी के लोग भी शामिल हैं। सीएमएस डॉ. एचएच हयांकी ने बताया कि रविवार को आई आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में 101 लोग कोरोना पॉजीविट मिले हैं। 11 लोग एंटिजन टेस्ट में संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को 474 लोगों के आरटीपीसीआर सैंपल लेकर जांच के लिए एसटीएच हल्द्वानी भेजे गए हैं। (संवाद)
सेराघाट में तीन दिन से जांच के लिए नहीं भेजे गए कोरोना सैंपल
गणाईगंगोली(पिथौरागढ़)। सेराघाट चेक पोस्ट पर बाहर से आने वाले 335 लोगों के कोरोना जांच के लिए गए सैंपल तीन दिन से गणाई में ही पड़े हैं। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक कोरोना जांच को नहीं भेजा है। यदि इन सैंपलों में कोई व्यक्ति संक्रमित होता है तो वह अन्य लोगों को भी संक्रमित कर सकता है। सभी सैंपलों को 30 अप्रैल को लिया गया था। जो एक खाली डिब्बे में रखे हैं। इधर जांच में लगे कर्मियों के पास सैनिटाइजर भी नहीं है। कर्मी 38 डिग्री तापमान में एक टिन शेेड में ड्यूटी दे रहे हैं। वहां पर तैनात एक कर्मी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सैंपल भेजने में देरी नहीं करनी चाहिए। इधर सीएमओ डॉ एचसी पंत ने बताया कि सैंपल ले जाने को वाहन लाने ले जाने में लगाया गया है। सैंपल क्यों नहीं किए इसका पता लगाया जा रहा है। (संवाद)
फोटो- 02पीटीएच 25पी- गणाई गंगोली चेक पोस्ट में इस तरह रखे गए हैं जांच सैंपल।
बेस अस्पताल में 200 बेड बढ़ाए जाएंगे
पिथौरागढ़। जिले में कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग बेस अस्पताल में दो सौ बेड बढ़ाएगा। वर्तमान में बेस अस्पताल में 250 बेडों की व्यवस्था है। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि सात दिन में बेस अस्पताल में दो सौ बेड लगा दिए जाएंगे। जिला अस्पताल में 80 बेड कोरोना संक्रमितों के लिए हैं। (संवाद)
जले में कुल 647 ऑक्सीजन सिलिंडर
पिथौरागढ़। जिले में स्वास्थ्य विभाग के पास 250 बड़े और 397 छोटे सिलिंडर हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास एक करीब 200 सिलिंडरों में ऑक्सीजन उपलब्ध है। जबकि शेष को कालाढुंगी, हल्द्वानी रिफिल के लिए भेजा गया है। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि जिले में सौ ऑक्सीजन कंसनट्रेटर भी उपलब्ध हैं।(संवाद)
आज बैठक लेंगे कैबिनेट मंत्री पांडेय
चंपावत। प्रदेश के खेल और शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की सोमवार दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट में समीक्षा करेंगे। बैठक में डीएम, सीएमओ, एसपी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। (ब्यूरो)