पुलिस की ओर से चलाया जा रहा 28वां सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन जारी है। बुधवार को यातायात पुलिस की ओर से टैक्सी चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
यातायात उप निरीक्षक ज्योति प्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में वाहन चालकों को बताया गया कि टैक्सी वाहनों में आगे की सीट पर तीन सवारियों को न बैठाएं। इसके बाद भी यदि किसी टैक्सी में आगे की सीट पर तीन सवारियां बैठी मिली तो संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग में लिप्त वाहनों को सीज किया जाएगा।
टैक्सी यूनियन अध्यक्ष गोपाल सिंह भंडारी और संचालक ललित मोहन भट्ट ने कहा कि विभिन्न मार्गों पर निर्धारित किराए से अधिक किराया वसूलने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से किसी किस्म की परेशानी होने पर यूनियन पदाधिकारियों से संपर्क करने को कहा। इस मौके पर पंकज भंडारी, सुरेश नगरकोटी, महेंद्र सिंह महर, राजू महर, सुनील सिंह, मुकेश नाथ आदि मौजूद रहे।