नगर पालिका एवं प्रशासन ने पॉलिथीन की धरपकड़ के लिए अचानक चेकिंग अभियान शुरू कर पांच मांस विक्रेता एवं एक फल विक्रेता के प्रतिष्ठान से करीब तीन किलो पॉलिथीन जब्त की। आरोपियों से तीन हजार से अधिक जुर्माना वसूला गया। साप्ताहिक बंदी के कारण हालांकि शहर की अधिकांश दुकानें बंद थी, इस कारण मांस एवं फल विक्रेताओं की दुकानों की चेकिंग की गई। चेकिंग टीम ने व्यापारियों को पॉलिथीन के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी है।
तहसीलदार जोगा सिंह एवं ईओ जयवीर सिंह राठी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में मांस विक्रेता आलम, गुड्डू, सरताज, आकाश पाल, रईस अहमद की दुकानों और फल विक्रेता महेंद्र के ठेले से पॉलिथीन जब्त कर जुर्माना वसूला। ईओ ने बताया कि पॉलिथीन बरामद होने पर उक्त आरोपी दुकानदारों से तीन हजार दो सौ रुपये जुर्माना वसूला गया है। वहीं उन्हें भविष्य में पॉलिथीन का प्रयोग करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी गई है। छापामार टीम में नगर पालिका के जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा, टीआई प्रियंका रैकवाल, लिपिक बसंतराज चंद, अनुराधा यादव, विनोद चंद्र बिष्ट, प्रकाश नेगी, सफाई नायक राकेश, उर्मिला आदि शामिल थे।