चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर से पांच किमी दूर तिलौन के पास एक बाइक रपट कर खाई में गिर गई। अलबत्ता बाइक सवार तीनों लोगों के छिटकने से उनकी जान बच गई।
एनएच में सोमवार शाम चंपावत से लोहाघाट जा रही बाइक तिलौन के पास रपट गई। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक में सवार तीनों जख्मी हो गए। इनमें पाटी निवासी दिनेश गहतोड़ी के बेटे कमल गहतोड़ी (19), बेटी कमला गहतोड़ी (21) और लोहाघाट निवासी मंजू राय (21) पुत्र लक्ष्मी दत्त राय शामिल हैं। तीनों लोग डिग्री कॉलेज के प्रवेश आवेदन पत्र भरकर लौट रहे थे। बताया गया कि केवल बाइक चालक कमल ने ही हेलमेट पहना था। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. एचएस ऐरी और डॉ. गौरव ओली ने बताया कि कमल के पांव में फ्रैक्चर है जबकि कमला और मंजू की जांघ की हड्डी टूट गई। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद तीनों घायलों को उच्च केंद्र भेजा गया है।