स्मैक और चरस तस्करी में दबोचे गए लोहाघाट क्षेत्र के युवा तस्कर।
- फोटो : LOHAGHAT
पुलिस ने तीन लोगों को स्मैक और चरस के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी बिसराड़ी, कोलीढेक और चांदमारी निवासी हैं।
पाटी के एसओ योगेश दत्त ने बताया कि एसपी लोकेश्वर सिंह के दिशा निर्देशन में पुलिस और एसओजी ने छिलकाछीना के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पल्सर बाइक को रोक उस पर सवार तीन लोगों की तलाशी ली गई। भीम सिंह चौधरी निवासी बिसराड़ी के कब्जे से 5.50 ग्राम स्मैक, मोहित सिंह ढेक निवासी कोलीढेक के कब्जे से चार ग्राम स्मैक और सत्यम बोरा उर्फ सन्नी निवासी चादंमारी के कब्जे से 110 ग्राम चरस बरामद की गई।
चरस तस्करी के लिए प्रयुक्त बाइक को सीज कर दिया। एसओ ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्मैक और चरस मथुरा से लाकर पहाड़ में सप्लाई करना चाहते थे। भीम सिंह चौधरी पूर्व से ही स्मैक की सप्लाई करने का बहुत बड़ा सरगना रहा है। उसने बताया कि वह दिल्ली एवं मथुरा से स्मैक लाकर देहरादून में सप्लाई करता है।
कभी-कभी लोहाघाट-चंपावत में स्मैक सप्लाई करता है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में थाना राजपुर देहरादून में स्मैक की तस्करी में मुकदमा दर्ज है। मोहित सिंह ढेक पूर्व से ही एनडीपीएस में वांछित रहा है।
उसके खिलाफ चौकी चल्थी और कोतवाली खटीमा में एनडीपीएस एक्ट में मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में एसओ योगेश दत्त के अलावा विरेंद्र रमोला एसओजी प्रभारी, एसआई नवल किशोर, धर्मवीर सिंह, मतलूब खान, मनोज बेरी, राकेश रोंकली, सद्दाम हुसैन, भुवन पांडेय, अनिल, ईश्वरी आदि थे।