लोहाघाट के पॉलीटेक्निक के पास सुंई लिफ्ट पेयजल योजना में हो रहा लीकेज।
लोहाघाट (चंपावत)। सुंई लिफ्ट योजना की पेयजल लाइन में लीकेज होने के कारण हजारों लीटर पानी बर्बाद बह रहा है। एक ओर जहां सुंई क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है वहीं पाइप लाइन में हुए लीकेज ने पेयजल संकट और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों ने जल्द पाइप लाइन के लीकेज को ठीक करने करने की मांग की है।
सुंई लिफ्ट पेयजल योजना की पाइप लाइन राजकीय पाॅलिटेक्निक के छात्रावास के पास लीक हो रही है जिससे हजारों लीटर पानी बर्बाद बह रहा है। ग्रामीण भुवन चंद्र, महेश चंद्र, दीपक कुमार, विनोद कुमार, पार्वती देवी, हीरा देवी, जानकी देवी आदि ने बताया कि पेयजल योजना से पांच गांव सुंई के लिए पेयजल आपूर्ति होती है।
योजना से तीसरे या चौथे दिन लोगों को मात्र 20 मिनट ही पानी मिलता है। अब लाइन में लीकेज होने से समस्या और बढ़ गई है। लोग प्राकृतिक जलस्रोतों, नौलों धारों से पानी भरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जल्द पाइप लाइन को ठीक कर व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट का कहना है कि जल्द ही लीकेज पाइप लाइन को ठीक कर लिया जाएगा।