चंपावत पुलिस लाईन में मासिक अपराध गोष्ठी मौजूद पुलिस अधिकारी,कर्मचारी और कर्मिक।स्रोत पुलिस
चंपावत। सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान समर्थित पोस्ट शेयर करने वालों, भ्रामक, झूठी और सांप्रदायिक पोस्टों का प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। यह बातें शुक्रवार को एसपी अजय गणपति ने पुलिस लाइन में आयोजित मासिक गोष्ठी में कही। उन्होंने फायर सीजन के मद्देनजर सभी अग्निशमन अधिकारियों, थाना प्रभारियों को उनकी राहत बचाव टीमों को 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों में शतप्रतिशत कार्रवाई करने, सभी थाना क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग करने को कहा। इसके अलावा सभी पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से योग करने और लंबित प्रकरणों को जल्द निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। बैठक सीओ टनकपुर शिवराज सिंह राणा, आरआई भगवत सिंह राणा, निरीक्षक अभिसूचना कृष्ण सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी जितेंद्र सिंह गर्ब्याल, प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह आदि थे।
देश की सुरक्षा से जुड़ी खबरों पर रहेगी सख्त नजर : डीएम
चंपावत। डीएम नवनीत पांडेय ने देश की सुरक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भ्रामक खबरें, फर्जी सूचनाएं और प्रोपेगेंडा आधारित समाचारों के प्रसार पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को जिले में मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण समिति का गठन किया।
उन्होंने बताया कि यह समिति जिला आपदा परिचालन केंद्र में सक्रिय रहकर जिले में प्रसारित होने वाले समाचारों, सोशल मीडिया कंटेंट और अन्य प्रचार माध्यमों की सतत निगरानी करेगी। देश की सुरक्षा और संवेदनशीलता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण समिति का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए मीडिया और सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों तक सटीक और तथ्यपरक जानकारी पहुंचे। संवाद