चंपावत में ट्रैफिक जाम से लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। सोमवार सुबह हुई बारिश से टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाइवे चल्थी के पास मलबा आने से पांच घंटे बंद रहा। सुबह साढ़े पांच बजे से बंद एनएच को करीब साढ़े नौ बजे यातायात के लिए खोला जा सका। जिस कारण जिला मुख्यालय में अखबार सहित अन्य जरूरी सामानों के वाहन काफी देरी से पहुंचे। एनएच अवरुद्ध होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई, करीब पांच घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को 3.4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि बनबसा में 26 एमएम बारिश हुई। शारदा बैराज का जलस्तर 41494 क्यूसेक दर्ज किया गया। चल्थी में एनएच से मलबा हटाए जाने के बाद मार्ग खुलते ही कई स्थानों में जाम लगने से परेशानी हुई। जिला मुख्यालय में भी एकाएक आए वाहनों के रेले से कई बार जाम लगने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।